Thu. May 2nd, 2024

2019 की 10 बड़ी घटनाएं

Featured Video Play Icon

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 1 : फिर मोदी

2019 में हिन्दुस्तान की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना निस्संदेह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा बीजेपी और सहयोगी दलों का सत्ता में आना रहा। लोकसभा में बीजेपी 282 से 303 हो गयी। एडीए का आंकड़ा सदन में 350 पार कर गया। मोदी पार्ट 2 इसलिए भी सबसे बड़ी घटना है क्योंकि यह घटना हुई इसलिए जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने से लेकर तीन तलाक, सीएए जैसी घटनाएं भी हुईं। इनमें से हरएक घटना अहमियत रखती हैं और घटनाओं में अहमियत के हिसाब से एक-दूसरे से होड़ करती हैं।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 2 : बालाकोट एअर स्ट्राइक

पुलवामा हमले के जवाब में बालाकोट एअर स्ट्राइक 2019 की यादगार घटना है। पाकिस्तान में घुसकर हमला करने की यह अपने किस्म की पहली घटना रही। वहीं, इस घटना का प्रभाव इतना ज्यादा रहा कि फरवरी को घटी इस घटना ने लोकसभा चुनाव में एंटी इनकम्बेन्सी को खत्म कर दिया। 2018 में राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में हार के बाद बीजेपी को कठिन चुनौती की आशंका बालाकोट एअर स्ट्राइक ने खत्म कर दी। जब चुनाव नतीजे आए तो देश मोदी पार्ट टू की ओर बढ़ गया।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 3 : राहुल का इस्तीफा

राहुल गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ना तीसरी बड़ी घटना इसलिए है क्योंकि यह भारतीय गणतंत्र में विपक्ष के कुर्सी टूटने और ज़मीन पर आ धमकने की कहानी का चरम बिन्दु है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कांग्रेस को सोनिया गांधी के रूप में सबसे लम्बे कार्यकाल वाला अध्यक्ष मिलने के बाद यह राहुल गांधी के रूप में सबसे छोटे कार्यकाल वाला अध्यक्ष का किस्सा है। 2019 के खत्म होते-होते कांग्रेस में जान लौटने लगी है। हरियाणा में मजबूत हुई कांग्रेस, तो महाराष्ट्र और झारखण्ड में सत्ता में भागीदार बनकर सामने आयी।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 4 : हिन्दुस्तान का नया नक्शा

हिन्दुस्तान का नया नक्शा आया। इसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दो केंद्र शासित प्रदेश बने। प्रदेश के तौर पर जम्मू-कश्मीर का अस्तित्व खत्म हो गया। अनुच्छेद 370 प्रभावहीन हो गया। कश्मीर में इसका विरोध हुआ। यह विरोध अब भी जारी है। मगर, सरकार टस से मस होने को तैयार नहीं हुई। नये नक्शे में पाक अधिकृत कश्मीर समेत जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा दर्शाया गया है।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 5 : बनेगा राममंदिर

सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर को अयोध्या में राममंदिर निर्माण के पक्ष में फैसला सुनाया। हिन्दुस्तान के सबसे पुराने मामले में इस फैसले ने हिन्दू-मुस्लिम विवाद का हमेशा के लिए पटाक्षेप कर दिया। फैसले के मुताबिक मंदिर निर्माण के लिए 3 महीने के भीतर केंद्र सरकार की देखरेख में मंदिर के लिए ट्रस्ट बनेगा। उसी ट्रस्ट की देखरेख में मंदिर का निर्माण होगा। माना जा रहा है कि 2020 में मंदिर का शिलान्यास और 2022 तक राम मंदिर का निर्माण हो जाएगा। यह मुद्दा इसलिए अहम है क्योंकि इसी मुद्दे के सहारे बीजेपी संसद में दो सदस्यों की स्थिति से आगे बढ़ते हुए 303 सदस्यों तक पहुंच चुकी है।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 6 : नागरिकता संशोधन

संसद में नागरिकता संशोधन कानून का बनना छठी महत्वपूर्ण घटना है। इस संशोधन के मुताबिक पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के धार्मिक रूप से प्रताड़ित अल्पसंख्यक शरणार्थियों को भारत की नागरिकता दी जा सकेगी। इनमें हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई हैं। मुसलमामों का जिक्र नहीं आने के कारण इस कानून का भारी विरोध हुआ। देश भर में एनआरसी लागू करने की घोषणा से यह सवाल उठने लगे कि भारत में मुसलमानों की नागरिकता नए कानून की कसौटी पर रख दी गयी है।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 7 : आई प्रियंका

प्रियंका गांधी का सक्रिय राजनीति में आना और कांग्रेस का महासचिव बनने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनना सातवीं महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना है। यूपी में हार की वजह से इसका महत्व नहीं दिखा, मगर कांग्रेस को पुनर्जीवन देने की कोशिश में प्रियंका लगातार लगी हैं। प्रियंका की मौजूदगी ने कांग्रेस में उम्मीद जगाई है। सोनभद्र कांड हो या सीएए के लिए लड़ाई प्रियंका गांधी ने अपनी मौजूदगी से राजनीति में प्रभाव डाला है।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 8 : शिवसेना-कांग्रेस एक

महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना की 30 साल पुरानी दोस्ती का टूटना, शिवसेना का कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बनाना और ठाकरे परिवार से मुख्यमंत्री का बनना- ये घटनाएं 2019 की चौंकाने वाली घटना रही। इसने देश की सियासत पर फर्क डाला है। असर झारखण्ड में देखने को मिला। बीजेपी के लिए यह ऐसा नुकसान है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। ऐसा देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार हुआ कि चुनाव पूर्व गठबंधन जनादेश हासिल करने के बावजूद सरकार नहीं बना सका। बीजेपी-एनसीपी की ढाई दिन की सरकार भी बनी, मगर यह चल नहीं पायी।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर 9 : जेल गये चिदम्बरम

देश के पूर्व वित्त मंत्री पी चिदम्बरम का आईएनएक्स मीडिया केस में जेल जाना 2019 की बड़ी घटना है। सीबीआई और ईडी के साथ आंख-मिचौली, अदालतों से ज़मानत के लिए चक्कर पे चक्कर और आखिरकार 106 दिन तक जेल में रहने के बाद वे दिल्ली के तिहाड़ जेल से रिहा हुए। इस घटना ने वर्षों पुरानी गुजरात की उस घटना की भी याद दिला दी, जब फर्जी मुठभेड़ केस में अमित शाह 95 दिन तक जेल में रहे थे और तब देश के गृहमंत्री पी चिदम्बरम थे। इस बार गृहमंत्री अमित शाह थे।

2019 की 10 सबसे बड़ी घटनाएं

नम्बर  10 : अटल-आडवाणी युग खत्म

अटल बिहारी वाजपेयी, अरुण जेटली, सषमा स्वराज के रूप में बीजेपी के तीन बड़े नेताओं का निधन हो या फिर लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं की संसदीय राजनीति से रिटायर होने की विवशता- बीजेपी का नेतृत्व बिल्कुल नया हो गया। नरेंद्र मोदी-अमित शाह की जोड़ी का बीजेपी पर कब्जा हो गया। बड़े और कड़े फैसले बीजेपी सरकार ने लिए, जिसमें नये नेतृत्व की छाप साफ दिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *